फारबिसगंज : एसआई के सरकारी आवास से सर्विस पिस्टल की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
मुबारक हुसैन की रिपोर्ट
फारबिसगंज थाना में पदस्थापित एसआई विमल कुमार मंडल के सरकारी आवास से सर्विस पिस्टल की चोरी हो जाने का सनसनीखेज समाचार प्रकाश में आया है। उक्त घटना के बाद स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों में हड़कंप मच गया है। इधर सर्विस पिस्टल की चोरी की घटना के बाद जिला से तकनीकी सेल की पुलिस टीम फारबिसगंज थाना पहुँचकर जांच में जुट गई है। जहां एसआई के सरकारी आवास से लेकर आसपास गहन जांच करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाले जाने की जानकारी दी गई है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि बीती रात एसआई बिमल कुमार मंडल अपने सरकारी आवास में सो रहे थे। जहां अज्ञात चोरों के द्वारा आवास में प्रवेश कर पिस्टल की चोरी कर ली गई।
हालांकि पिस्टल की चोरी के अलावा और किन – किन सामानों की चोरी हुई है।इसका खुलासा नहीं किया जा सका है। पीड़ित एसआई द्वारा लिखित रूप से घटना एवं सर्विस पिस्टल की चोरी की जानकारी दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के संबंध में पूछे जाने पर फारबिसगंज डीएसपी मनोज कुमार ने रविवार की रात एसआई के सरकारी आवास से सरकारी पिस्टल की चोरी होने की पुष्टि करते हुए गोली की चोरी नही होने की बात कही। उन्होंने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस पदाधिकारियों के जांच में जुट जाने की बात कही। वही दूसरी ओर थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने भी एसआई के सरकारी आवास से सर्विस पिस्टल की चोरी होने की बात कही। उन्होंने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किये जाने की जानकारी दी। बहरहाल सब – इंस्पेक्टर के सरकारी आवास में चोर कैसे और किधर से प्रवेश किया, इस पर किसी पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा बताया नही जा सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत कई दिनों से थाना के पुलिस पदाधिकारियों के सरकारी आवास में विभाग द्वारा मरम्मति एवं रंग – रोगन का कार्य चल रहा है। इस कार्य में कई श्रमिक शामिल हैं। इसी श्रमिकों के ग्रुप में शामिल कार्यरत एक युवक को संदेह के आधार पर पुलिस ने हिरासत में लेते हुए पूछताछ करने की बात कही है।